भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत अम्बा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें, सुझाव और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
शिविर के दौरान कुल 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 24 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रशासन तथा जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना है।
डीएम ने लोगों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। वहीं पुलिस से संबंधित किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए डायल 112 का उपयोग करने की सलाह दी गई।
शिविर के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही जीविका से जुड़े 103 सहायता समूहों को एक करोड़ 25 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया। डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने ग्रामीणों से साइबर अपराध, अफवाहों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
संवाददाता : रजनीश कुमार, भागलपुर





