सचिन देव राय हत्याकांड में फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती, न्यायालय के आदेश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

बोकारो रेलवे थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सचिन देव राय हत्याकांड के फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस की सख्ती का संदेश भी गया।

Sponsored Advertisement

 

जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को बोकारो रेलवे स्टेशन के समीप टेंपो स्टैंड के सामने अपराधियों ने सचिन देव राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक मुख्य आरोपी भोलू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दूसरा आरोपी धनंजय कर्मकार घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है।

 

पुलिस की लगातार छापेमारी और तलाश के बावजूद आरोपी के हाथ नहीं आने पर न्यायालय ने करीब एक माह पूर्व धनंजय कर्मकार के खिलाफ उद्घोषणा जारी करते हुए निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। हालांकि न्यायालय द्वारा दिए गए समय के बाद भी आरोपी ने न तो सरेंडर किया और न ही पुलिस के समक्ष उपस्थित हुआ।

 

इसके बाद न्यायालय के आदेश पर रेलवे थाना और बालीडीह थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी धनंजय कर्मकार के आवास पर पहुंचकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत घर की संपत्ति का विवरण तैयार कर आवश्यक सामानों को जब्त किया।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

संवाददाता : चंदन सिंह, बोकारो

Related Posts

बोल बम के जयघोष के साथ दलाबड़ गांव से देवघर बाबाधाम के लिए रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था

सावन माह की पावन बेला में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जामताड़ा जिले के दलाबड़ गांव से दर्जनों शिवभक्तों का कांवड़ियों का जत्था बाबा…

जामताड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

साइबर अपराध की राजधानी के रूप में पहचान बना चुके जामताड़ा में पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *