फर्जी जॉइनिंग लेटर लेकर क्लर्क बनने पहुंचा युवक गिरफ्तार, डीसी के जाली हस्ताक्षर और मुहर का हुआ खुलासा


जामताड़ा समाहरणालय में क्लर्क पद पर योगदान देने पहुंचे एक युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र और जाली दस्तावेजों के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान गिरिडीह जिले के देवरी गांव निवासी रजाक अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद ससुर अख्तर अंसारी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दोनों से जामताड़ा थाना में गहन पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रजाक अंसारी अपने ससुर के साथ समाहरणालय पहुंचा था और क्लर्क पद पर योगदान देने की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अधिकारियों ने उसके दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच के दौरान कागजातों में कई संदिग्ध बातें सामने आने पर अधिकारियों को शक हुआ। जब नियुक्ति पत्र और अन्य प्रमाण पत्रों की बारीकी से जांच की गई तो जॉइनिंग लेटर पर जामताड़ा उपायुक्त (डीसी) के फर्जी हस्ताक्षर और जाली मुहर पाए गए।

इतना ही नहीं, युवक द्वारा प्रस्तुत आधार कार्ड और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में भी कई तरह की विसंगतियां सामने आईं। दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ समाहरणालय पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए रजाक अंसारी तथा उसके ससुर अख्तर अंसारी को परिसर से ही हिरासत में ले लिया। दोनों को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में प्रस्तुत सभी दस्तावेज फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी नियुक्ति पत्र किसने तैयार किया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। साथ ही नौकरी दिलाने के नाम पर किसी प्रकार के पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि मामले की गहन जांच से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने वाले बड़े जालसाजी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

चार साल के प्रेम को मिली मंजिल, प्रेमी-प्रेमिका ने मंदिर में लिए सात फेरे; स्थानीय लोगों की पहल से हुई शादी

चार साल के प्रेम को मिली मंजिल, प्रेमी-प्रेमिका ने मंदिर में लिए सात फेरे; स्थानीय लोगों की पहल से हुई शादी

धनबाद खुशरी मोड़ पर दर्दनाक हादसा: हाईवा की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

धनबाद खुशरी मोड़ पर दर्दनाक हादसा: हाईवा की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *