झारखंड में पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। पत्रकार के समर्थन में धनबाद में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रणधीर वर्मा चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे दुष्कर्म के आरोप और इस मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर सवाल उठाए। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज्य सरकार गंभीर आरोपों का सामना कर रहे विधायक पर कार्रवाई करने के बजाय पत्रकार के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई कर रही है। इतना ही नहीं, पत्रकार के साथ हाजत में मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
भाजपा के जिला महामंत्री मानस प्रसून ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती के साथ कथित मारपीट की घटना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की इस कार्रवाई से राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मानस प्रसून ने कहा कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बावजूद अब तक उचित कार्रवाई नहीं होना चिंताजनक है। वहीं, मामले को सामने लाने वाले पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना और हाजत में कथित मारपीट किया जाना सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार और कांग्रेस की कथित तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पत्रकार अभिषेक भारती के साथ न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।






