हाजीपुर: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। शराब माफिया अब नामी ब्रांड के नाम पर नकली शराब तैयार कर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। ताजा मामला हाजीपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, हाजीपुर नगर थाना पुलिस ने बागदुल्हन मोहल्ले में छापेमारी कर नकली शराब बनाने के ठिकाने का पर्दाफाश किया। यहां कथित तौर पर RS और नंबर-1 ब्रांड के नाम पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही थी। शराब की बोतलों पर यूपी स्तर के लेबल लगाकर उसे असली ब्रांड की तरह दिखाने का खेल चल रहा था। आरोप है कि इस नकली शराब को हाजीपुर के अलग-अलग मोहल्लों में खपाया जा रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागदुल्हन निवासी संजय पोद्दार के दो बेटे नीतीश कुमार और नवीन कुमार के रूप में हुई है। जबकि तीसरा आरोपी पटना के गायघाट निवासी सन्नी कुमार बताया गया है।
गौरतलब है कि बिहार में एक दशक से अधिक समय से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद चोरी-छिपे शराब की खरीद-बिक्री और अवैध निर्माण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नकली ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही शराब लोगों के स्वास्थ्य और जिंदगी के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और नकली शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
हाजीपुर से इस कार्रवाई ने एक बार फिर शराबबंदी के बीच सक्रिय अवैध कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






