पटना: बिहार की राजधानी पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र में एक बंद कमरे से 25 वर्षीय युवक की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना नदपुरा गांव की है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है। पुलिस शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जता रही है, जबकि परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।
मृतक की पहचान नदपुरा गांव निवासी रामखेलावन केवट के 25 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि घटना का खुलासा तब हुआ, जब कमरे से दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो अंदर राजू का जला हुआ शव देखकर उनके होश उड़ गए।
पांच साल से किराए के मकान में रहता था राजू
बताया जा रहा है कि राजू पिछले करीब पांच वर्षों से गांव में ही हरि किशोर सिंह के मिट्टी के मकान में किराए पर अकेले रहता था। मकान मालिक मसौढ़ी में रहते हैं, जबकि राजू का परिवार गांव में अलग मकान में रहता है। राजू डेकोरेशन का काम कर अपनी आजीविका चलाता था।
परिजनों के मुताबिक, राजू रात में खाना खाने के बाद अपने किराए के कमरे में सोने गया था। देर तक घर नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजन उसे खोजते हुए कमरे पर पहुंचे। वहां से दुर्गंध आने पर अंदर जाकर देखा तो उसका शव पूरी तरह जल चुका था।
परिजन जता रहे हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि कमरे में केवल राजू का शव जला हुआ मिला, जबकि घर का बाकी सामान सुरक्षित था। ऐसे में उनका सवाल है कि अगर शॉर्ट सर्किट से आग लगी तो कमरे का अन्य सामान कैसे सुरक्षित रह गया? परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वहीं, धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव पूरी तरह जल चुका था और केवल अवशेष बचे थे। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या डेकोरेशन का सामान तैयार करते समय आग लगने की आशंका है। परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






