मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में चोरों ने एक शादी वाले घर को निशाना बनाकर करीब 45 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चोरी की घटना के बाद मातम पसर गया। वारदात तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बिजुलपुर गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित किसान नागेंद्र ठाकुर के बेटे राजन के बड़े भाई रविरंजन की शादी बुधवार को थी। बारात राजेपुर नवादा गई हुई थी। घर के सभी पुरुष सदस्य बारात में शामिल होने के लिए निकल गए थे, जबकि घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में रखे दो ट्रॉली बैग चोरी कर लिए।
बारात लौटने पर खुला चोरी का राज
परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी देर रात बारात लौटने के बाद हुई। घर में सामान बिखरा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। दोनों ट्रॉली बैग में परिवार की बहनों रूपांजलि और रीमा सिंह के कीमती आभूषण और नकदी रखे हुए थे। इनमें सोने, हीरे और चांदी के जेवरात शामिल थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़िता रूपांजलि के पति दीपक तिवारी भारतीय सेना में कार्यरत हैं।
गन्ने के खेत से मिला टूटा बैग
घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान घर के पीछे स्थित गन्ने के खेत से एक टूटा हुआ ट्रॉली बैग बरामद किया गया। आशंका है कि चोरों ने खेत में बैग से कीमती सामान निकाल लिया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
संदिग्धों से पूछताछ में जुटी पुलिस
दूल्हे के बड़े भाई राजन ने दो युवकों पर चोरी का शक जाहिर किया है। हालांकि, उनकी संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
तुरकौलिया के अपर थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और खोजी कुत्ते की मदद से भी छानबीन की है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।






