झारखंड के पूर्व विधायक और वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा पर कथित साजिश के तहत हुए हमले के विरोध में अब आवाज बुलंद होने लगी है। बुधवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर झारखंड आंदोलनकारियों ने एक दिवसीय धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। आंदोलनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और सूर्य सिंह बेसरा को पूर्व की तरह अंगरक्षक उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए गए।
धरने पर बैठे झारखंड आंदोलनकारी दिलीप गोस्वामी ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा पर हुआ हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह झारखंड आंदोलन की गरिमा और उसके संघर्षपूर्ण इतिहास का अपमान है। उन्होंने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा ने विनोद बाबू और गुरुजी शिबू सोरेन के साथ मिलकर अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में उनके साथ हुई घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
दिलीप गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि सूर्य सिंह बेसरा उनके पिता शिबू सोरेन के पुराने साथी और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेताओं में रहे हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री की ओर से अब तक घटना पर संवेदना व्यक्त नहीं किए जाने और उनकी सुरक्षा को लेकर ठोस पहल नहीं होने पर आंदोलनकारियों में नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सूर्य सिंह बेसरा को पहले की तरह अंगरक्षक उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने कोई पहल नहीं की है। आंदोलनकारियों ने मांग की कि हमले के पीछे की कथित साजिश का पर्दाफाश करने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही सूर्य सिंह बेसरा को तत्काल पूर्व की तरह सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
धरने के माध्यम से आंदोलनकारियों ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि झारखंड राज्य के निर्माण में अहम योगदान देने वाले नेताओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की। अब देखना होगा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की मांगों पर क्या कदम उठाती है।






