रांची रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 52 बोतल शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 16.200 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 18 हजार 400 रुपये है। यह कार्रवाई रेलवे में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की रात RPF फ्लाइंग टीम रांची और RPF पोस्ट रांची की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 10:15 बजे ट्रेन संख्या 18622 एक्सप्रेस के जनरल कोच में तलाशी ली गई। जांच के दौरान टीम को कोच के बाथरूम के पास एक लावारिस काला बैग दिखाई दिया। आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी यात्री ने उस पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद RPF जवानों ने बैग की तलाशी ली तो उसके अंदर से अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद हुईं। इनमें ब्लेंडर्स प्राइड की 750 एमएल वाली 12 बोतलें और मैकडॉवेल्स डबल ओक बैरल की 180 एमएल वाली 40 बोतलें शामिल थीं। इस तरह कुल 52 बोतल शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 16.200 लीटर आंकी गई।
RPF फ्लाइंग टीम के एसआई रवि शेखर ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब और बैग को जब्त कर RPF पोस्ट रांची पहुंचाया। जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए 24 नवंबर को उत्पाद विभाग, रांची को सौंपा जाएगा।
इस कार्रवाई को मंडल सुरक्षा आयुक्त रांची आशीष कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अंजाम दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। RPF की इस कार्रवाई से तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है।
रिपोर्ट : सत्यम शुक्ला | रांची, झारखंड






