सहरसा में हाजत में युवक की मौत मामले में थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित, एसपी ने गठित की विशेष जांच टीम

सहरसा। जिले के सौरबाजार थाना हाजत में पुलिस अभिरक्षा के दौरान 26 वर्षीय अनमोल कुमार की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही और हाजत से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के आरोप में थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

 

Sponsored Advertisement

सहरसा पुलिस की ओर से 24 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 के आरोपी अनमोल कुमार ने सोमवार सुबह करीब 9 बजे शौचालय जाने के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज में अनमोल को स्वयं हाजत में प्रवेश करते हुए देखा गया है। घटना के बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक अनमोल शर्मा सौरबाजार थाना क्षेत्र के कचरा गांव वार्ड संख्या 9 निवासी विजय शर्मा का पुत्र था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और पत्नी रीना छह महीने की गर्भवती है।

 

परिजनों के मुताबिक, गांव की ही एक शादीशुदा महिला के साथ अनमोल के चले जाने को लेकर महिला के पिता ने 21 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 22 नवंबर को अनमोल और महिला को पुलिस के हवाले किया गया था।

 

घटना के बाद मृतक की मां सीता देवी और पत्नी रीना ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि घटना की सुबह अनमोल ने फोन कर जल्द छुड़ाने की गुहार लगाई थी। वहीं, थाने के मुंशी पर उसे छोड़ने के बदले 20 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

 

एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में अनमोल को शौचालय में जाते और अंदर से कुंडी लगाते देखा गया है। एसपी ने रिश्वत मांगने के आरोपों की भी जांच कराने की बात कही है।

 

पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में एनएचआरसी की गाइडलाइन के तहत कराया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। विशेष जांच टीम अब युवक की मौत, हाजत की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करेगी।

Related Posts

स्कूल में छात्र और उसके पिता से मारपीट का आरोप, नवहट्टा थाने में केस दर्ज नहीं होने पर डीआईजी कार्यालय पहुंचे पीड़ित

सहरसा: जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में आठवीं कक्षा के छात्र और उसके पिता के साथ कथित मारपीट तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का…

मोहनपुर मोड़ पर ट्रक ने चांदनी यात्री बस में मारी जोरदार टक्कर, आठ यात्री घायल, दो धनबाद रेफर

जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मोहनपुर मोड़ के समीप मंगलवार को ट्रक और चांदनी यात्री बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में करीब आठ यात्री घायल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *