बांका: जिले के पंजवारा में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झारखंड के गोड्डा से भागलपुर जा रही श्रीहरि यात्री बस में पंजवारा थाना क्षेत्र के चीर नदी पुल पर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस से धुआं निकलते ही यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, चालक ने भी बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही चीर नदी पुल पर पहुंची, अचानक बैटरी के पास से चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा और आग की लपटें फैलने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। सभी यात्रियों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलने लगी। इस अग्निकांड में यात्रियों का बस में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी 40 यात्रियों की जान बच गई।
बस में सवार यात्री मुकेश कुमार, मनोज कुमार, राजू कुमार, सौरभ कुमार और अरुण सिंह ने बताया कि वे गोड्डा से भागलपुर जाने के लिए बस में सवार हुए थे। पंजवारा पहुंचते ही अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने तत्काल बस रोककर सभी को बाहर निकाला, जिसके कुछ ही देर बाद पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
इधर, सूचना मिलने पर पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बस के सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में बैटरी से चिंगारी निकलने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।






