बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी (SDM) कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके पति रितेश कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। रितेश कुमार पथ निर्माण विभाग में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल विजिलेंस यूनिट की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को गोपालगंज, पटना और रोहतास जिले में स्थित दंपती के छह से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। शुरुआती जांच में दंपती की ज्ञात आय से करीब 100 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। इसी आधार पर विजिलेंस ने यह कार्रवाई शुरू की है।
गोपालगंज में SVU की टीम ने सदर SDM के सरकारी आवास के साथ-साथ उनके कार्यालय में भी छापेमारी की है। इस दौरान अधिकारियों की टीम विभिन्न दस्तावेजों और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं हो, इसके लिए कार्यालय परिसर में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
वहीं, पटना और रोहतास में भी विजिलेंस की टीमें दंपती से जुड़े अन्य ठिकानों पर जांच में जुटी हैं। छापेमारी के दौरान जमीन-जायदाद के कागजात, फ्लैट, बैंक खाते, नकदी, आभूषण और लग्जरी गाड़ियों से संबंधित दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि दंपती ने अपनी आय के मुकाबले कितनी संपत्ति अर्जित की है और कथित अवैध कमाई को किन-किन माध्यमों से निवेश किया गया है।
फिलहाल तीनों जिलों में SVU की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और दस्तावेजों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई पर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों की भी नजर बनी हुई है।






