जहाज पर कार ले जाने से रोके जाने पर भागलपुर सांसद अजय मंडल का हंगामा, डेढ़ घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा; FIR नहीं होने पर लोकसभा तक धरने की चेतावनी

भागलपुर जिले के बरारी स्थित बियाडा घाट पर सोमवार देर शाम करीब आठ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भागलपुर के जदयू सांसद अजय मंडल को जहाज पर अपनी कार ले जाने से रोक दिया गया। इस बात को लेकर सांसद और जहाज संचालक के बीच विवाद हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक घाट पर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सांसद ने जहाज संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और कार्रवाई नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी।

 

Sponsored Advertisement

दरअसल, सांसद अजय मंडल को नवगछिया के जाह्नवी चौक घाट के उस पार एक करीबी कार्यकर्ता के यहां शादी समारोह में शामिल होने जाना था। इसके लिए वह रात करीब आठ बजे अपनी कार लेकर जहाज पर सवार होना चाहते थे। लेकिन जहाज संचालक ने जिला प्रशासन के निर्देश और निर्धारित समय का हवाला देते हुए जहाज खोलने तथा कार ले जाने से मना कर दिया।

 

इसी दौरान नवगछिया की ओर से एक जहाज बियाडा घाट पहुंचा, जिस पर एक कार लदी हुई थी। यह देखकर सांसद ने जहाज संचालक से सवाल किया और विरोध जताया। मामला बढ़ता देख औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना अध्यक्ष सूबेदार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सांसद शिकायत दर्ज कराने थाने की ओर रवाना हो गए।

 

सांसद अजय मंडल ने कहा कि उन्होंने जहाज संचालक से काफी आरजू-मिन्नत की, लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया गया। जबकि दूसरी ओर से आए जहाज पर कार लदी हुई थी। उन्होंने कहा कि पहले भी वीआईपी लोगों को रात में कार के साथ जहाज से जाते देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों का उल्लंघन जहाज संचालकों की ओर से किया गया है। सांसद ने चेतावनी दी कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो पहले जिलाधिकारी कार्यालय और फिर लोकसभा में धरना देंगे।

 

वहीं, जहाज के मैनेजर मोहम्मद सरफराज अख्तर ने बताया कि दूसरी ओर से आई कार उनकी कंपनी के कर्मचारियों की थी, जो पूर्णिया सामान लाने गए थे। उन्होंने सांसद को समझाने का प्रयास किया था।

 

फिलहाल मामले में सांसद की शिकायत और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Related Posts

स्कूल में छात्र और उसके पिता से मारपीट का आरोप, नवहट्टा थाने में केस दर्ज नहीं होने पर डीआईजी कार्यालय पहुंचे पीड़ित

सहरसा: जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में आठवीं कक्षा के छात्र और उसके पिता के साथ कथित मारपीट तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का…

मोहनपुर मोड़ पर ट्रक ने चांदनी यात्री बस में मारी जोरदार टक्कर, आठ यात्री घायल, दो धनबाद रेफर

जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मोहनपुर मोड़ के समीप मंगलवार को ट्रक और चांदनी यात्री बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में करीब आठ यात्री घायल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *