जामताड़ा। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जामताड़ा के मुस्कान हॉस्पिटल, बुधुडीह पोसोई में स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, अस्पताल के डॉक्टरों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शिविर का आयोजन ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निलेश कुमार के निर्देशानुसार किया गया। इस दौरान लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया।
मौके पर ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में रक्तदाताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। साथ ही कहा कि युवाओं में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। लोगों को नियमित रूप से स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।
शिविर के माध्यम से लोगों को मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का संदेश दिया गया। आयोजकों ने भी भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉ. शिव कुमार, लैब टेक्नीशियन आकाश कुमार, पंडित सुरेश सोरेन, मुस्कान हॉस्पिटल के निदेशक सद्दाम अंसारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।





