जर्दालू आम और सिल्क के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाला भागलपुर अपनी खास खुशबू और लाजवाब स्वाद वाले कतरनी धान के लिए भी मशहूर है। इसकी भीनी-भीनी महक देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक अपनी पहचान बना चुकी है। लेकिन विडंबना देखिए कि भागलपुर की यह पारंपरिक और ऐतिहासिक पहचान अब धीरे-धीरे सिमटती जा रही है। कभी करीब 700 हेक्टेयर क्षेत्र में लहलहाने वाली कतरनी धान की खेती अब घटकर महज 200 एकड़ तक सीमित रह गई है। खेती के लगातार घटते रकबे ने इस विशिष्ट धान के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कतरनी धान की खेती से किसानों का मोहभंग होने के पीछे कई व्यावहारिक कारण हैं। स्थानीय किसानों के मुताबिक, इस धान को तैयार होने में दूसरी किस्मों की तुलना में अधिक समय लगता है। साथ ही इसकी खेती में ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है। लंबी अवधि की फसल होने के कारण किसान साल में केवल एक ही फसल ले पाते हैं। वहीं, कम अवधि वाली दूसरी किस्मों की खेती करने पर उन्हें साल में दो फसल लेने का मौका मिलता है, जिससे उनकी आमदनी बढ़ जाती है।
उपज के मामले में भी कतरनी धान किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है। इसकी पैदावार प्रति बीघा करीब 7 से 8 क्विंटल होती है, जबकि दूसरी किस्मों से 10 से 12 क्विंटल तक उत्पादन मिल जाता है। इसके अलावा बिचौलियों की भूमिका भी किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। किसानों का आरोप है कि व्यापारी उनसे कम कीमत पर कतरनी धान खरीदते हैं और बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। ऐसे में खेती की लागत और मेहनत के मुकाबले किसानों को उचित मुनाफा नहीं मिल पाता।
कतरनी धान की खेती का क्षेत्र बढ़ाने और किसानों को उचित कीमत दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कई घोषणाएं और दावे किए गए थे। इससे किसानों को उम्मीद जगी थी कि इस पारंपरिक फसल को नया जीवन मिलेगा। लेकिन किसानों की मानें तो योजनाओं का लाभ जमीन पर नजर नहीं आ रहा है।
अब सवाल यह है कि भागलपुर की इस अनमोल कृषि विरासत को बचाने के लिए ठोस पहल कब होगी? अगर समय रहते किसानों को प्रोत्साहन, उचित बाजार और लाभकारी कीमत नहीं मिली, तो अपनी खुशबू से दुनिया को आकर्षित करने वाला कतरनी धान इतिहास बनकर रह सकता है।






