भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ श्री श्याम अमृत महोत्सव, जयकारों से गूंजा भागलपुर


भागलपुर में श्री सांवरिया सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित पंचम वार्षिकोत्सव “श्री श्याम अमृत महोत्सव” का शुभारंभ रविवार को भव्य पालकी यात्रा एवं निशान शोभायात्रा के साथ हुआ। गोशाला परिसर से निकली इस विशाल शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में “हारे के सहारे, खाटू वाले श्याम हमारे” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर शामिल हुए। आकर्षक ढंग से सुसज्जित पालकी में विराजमान श्री श्याम प्रभु की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भक्ति गीतों और भजनों पर झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे शहर को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

रंग-बिरंगे परिधानों में शामिल भक्तों की आस्था और उत्साह ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से हर वर्ष यह महोत्सव अधिक भव्य स्वरूप धारण कर रहा है। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए बाबा श्याम के जयकारे लगाए और सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा के सफल समापन के बाद महोत्सव के अन्य धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार आयोजित किए जा रहे हैं। दोपहर तीन बजे से न्यू देवी बाबू धर्मशाला, एम.पी. द्विवेदी रोड स्थित वातानुकूलित हॉल में श्री श्याम कीर्तन एवं अखंड ज्योत कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जो प्रभु इच्छा तक निरंतर चलता रहेगा।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भव्य दरबार, पुष्प श्रृंगार, इत्र वर्षा, छप्पन भोग, सवामणी तथा श्री श्याम रसोई जैसी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इन आयोजनों को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पूरे शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

संवाददाता : श्यामानंद सिंह, भागलपुर

Related Posts

9 सीट की मैजिक पर 40 सफाईकर्मी! घायल साथी से मिलने निकले, सड़क पर दिखी लापरवाही की खतरनाक तस्वीर

9 सीट की मैजिक पर 50 सफाईकर्मी! घायल साथी से मिलने निकले, सड़क पर दिखी लापरवाही की खतरनाक तस्वीर

सुपौल में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, चाय की दुकान पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

सुपौल में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, चाय की दुकान पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *