अस्थायी ब्रिज से ट्रकों के गुजरने की चर्चा पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 कर्मी निलंबित



भागलपुर। सोशल मीडिया के कुछ चैनलों पर विक्रमशिला पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास बनाए गए अस्थायी ब्रिज से गिट्टी और बालू लदे भारी वाहनों के चोरी-छिपे आवागमन की खबर प्रसारित किए जाने के बाद भागलपुर पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जांच में यह दावा गलत पाया गया कि अस्थायी ब्रिज से भारी ट्रकों का संचालन कराया जा रहा था।

वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मामले के सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अस्थायी ब्रिज की संरचना और चौड़ाई इतनी सीमित है कि वहां से गिट्टी और बालू से लदे भारी ट्रकों का परिचालन संभव ही नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ छोटे मालवाहक वाहन, जो अन्य सामान लेकर जा रहे थे, ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की लापरवाही के कारण वहां से गुजर गए थे।

प्रशासन ने माना कि सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस चूक को गंभीरता से लिया गया है। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर तैनात एक पुलिस अवर निरीक्षक, तीन सिपाहियों और एक गृह रक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा कार्य में लगे अन्य निजी कर्मियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि विक्रमशिला पुल की सुरक्षा और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि पुल की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों पर अनावश्यक अथवा नियम-विरुद्ध दबाव न बनाएं।

भागलपुर पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पुल और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

संवाददाता : रजनीश कुमार

  • Related Posts

    भागलपुर में VLCC का नया आउटलेट शुरू, मेयर वसुंधरा लाल ने किया उद्घाटन

    भागलपुर। शहर में सौंदर्य, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का एक और विकल्प जुड़ गया है। सैंडिस कंपाउंड के पास पुलिस लेन रोड में VLCC का…

    पूर्णिमा पर अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर से पितृपक्षीय श्राद्ध शुरू, 10 अक्टूबर को होगा समापन

    सहरसा। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 26 सितंबर को अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर, रविवार से पितृपक्षीय पार्वण श्राद्ध का शुभारंभ होगा। वहीं, 10 अक्टूबर को आश्विन अमावस्या के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *