सहरसा। स्थानीय स्नातकोत्तर केंद्र के पश्चिमी परिसर में स्थापित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोसाईं चेयर का उद्घाटन अब आगामी 25 नवंबर को किया जाएगा। पहले इसका उद्घाटन 22 नवंबर को निर्धारित था, लेकिन कतिपय कारणों से कार्यक्रम को स्थगित कर नई तिथि निर्धारित की गई है।
चेयर का उद्घाटन भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) के कुलपति डॉ. विमलेंदु शेखर झा करेंगे। कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के सदस्य डॉ. अजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चेयर की स्थापना का उद्देश्य परमहंस लक्ष्मीनाथ गोसाईं के व्यक्तित्व, कृतित्व, साहित्यिक एवं आध्यात्मिक योगदान को शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में व्यापक पहचान दिलाना है।
कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन की तैयारियों को लेकर पूर्व प्रधानाचार्य सह परमहंस लक्ष्मीनाथ गोसाईं चेयर के संयोजक डॉ. अरुण कुमार खां की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्घाटन समारोह को सफल बनाने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रम में शिक्षाविदों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में परिसर प्रभारी डॉ. लाला प्रवीण कुमार सिन्हा, निदेशक डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. संजीव कुमार झा, डॉ. अक्षय कुमार चौधरी, डॉ. आलोक कुमार झा, डॉ. शशिशेखर सम्राट, सत्य प्रकाश एवं डॉ. सत्यवीर पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि परमहंस लक्ष्मीनाथ गोसाईं का जीवन और उनके विचार मिथिलांचल की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा से गहराई से जुड़े हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय परिसर में उनके नाम पर स्थापित चेयर से उनके विचारों, रचनाओं और योगदान पर अध्ययन एवं शोध को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।






