ग्रीनफील्ड सिक्स लेन सड़क के एलाइमेंट बदलाव पर किसानों में आक्रोश, जमीन बचाने के लिए संघर्ष का ऐलान

सहरसा। पटना–पूर्णिया प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सिक्स लेन सड़क परियोजना के एलाइमेंट में बदलाव और भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। रविवार को सौर बाजार प्रखंड की रामपुर पंचायत स्थित कबैला चक प्राथमिक विद्यालय परिसर में किसानों की बैठक मुखिया जनार्दन यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें इंदरवा, रौता, चिकनी, रहुआ, कबेला, रामपुर, भादा और बथनाहा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।

 

Sponsored Advertisement

बैठक में जन सुराज के नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए सड़क निर्माण पूर्व निर्धारित एलाइमेंट के अनुसार कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि परियोजना का मूल एलाइमेंट रौता और लगमा के बीच से निर्धारित था, लेकिन बाद में इसमें बदलाव कर कबेला, चिकनी, इंदरवा और रौता के बीच से कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन परिस्थितियों में एलाइमेंट बदला गया।

 

किशोर कुमार ने कहा कि किसानों की जमीन ही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। कम मुआवजे के कारण अधिग्रहित जमीन के बदले मिलने वाली राशि से किसान अपनी कुल जमीन का 20 प्रतिशत हिस्सा भी दोबारा नहीं खरीद सकेंगे। विकास के नाम पर किसानों के भविष्य और आजीविका की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

 

उन्होंने बताया कि किसानों के प्रतिनिधिमंडल को जिलाधिकारी ने एनएचएआई से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। प्रशासन को समाधान के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

 

बैठक में सर्वसम्मति से किसान जमीन बचाओ संघर्ष समिति का गठन किया गया। पूर्व मुखिया प्रो. अमरेंद्र यादव को अध्यक्ष और संतोष कुमार सिंह समदर्शी को सचिव बनाया गया। इसके अलावा 31 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया।

 

समिति अध्यक्ष ने कहा कि जबरन जमीन अधिग्रहण स्वीकार नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन का घेराव किया जाएगा। वहीं सचिव ने बताया कि अगली बैठक माहकर पंचायत में होगी और गांव-गांव जाकर किसानों को संगठित किया जाएगा।

 

बैठक में किसानों ने पूर्व निर्धारित एलाइमेंट पर ही सड़क निर्माण कराने की मांग करते हुए ‘जान देंगे, जमीन नहीं देंगे’ और ‘किसान एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाए। मौके पर राजू रंजन सिंह, महेंद्र साह, वरुण यादव, अनवार आलम, मदन प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

Related Posts

गृह प्रवेश भोज बना आफत, 400 से अधिक ग्रामीण बीमार; गांव में स्वास्थ्य विभाग का कैंप

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत सरईडीह पंचायत के खरडीहा-जमुआ गांव में गृह प्रवेश का भोज ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया। सहायक शिक्षक विमलेश यादव…

रंगों, सुरों और नाट्य प्रस्तुतियों से सजेगी सिल्क सिटी, 24 दिसंबर से रंग महोत्सव का आगाज

सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *