भागलपुर जिले के बरारी स्थित MSMG Group of Institutions परिसर में रविवार, 22 नवंबर को अखिल भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ (ABGCS) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय नेतृत्वकर्ता देवेंद्र कुमार मंडल की मौजूदगी में भागलपुर जिला इकाई का गठन किया गया। सर्वसम्मति से जगत नारायण कुमार को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, मनोज कुमार को सचिव और शंकर दयाल गुंजन को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान ग्रामीण चिकित्सकों को ECG जांच से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक देवेंद्र कुमार मंडल ने संघ की स्थापना के उद्देश्य, अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण चिकित्सक ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके संगठनात्मक विकास, सामाजिक सम्मान और आपसी एकजुटता के लिए एक मजबूत साझा मंच की आवश्यकता है। ABGCS इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने सभी ग्रामीण चिकित्सकों से अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. साकेत बिहारी ने देवेंद्र कुमार मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण चिकित्सकों को एकजुट कर उन्हें साझा मंच उपलब्ध कराना और उनके हितों एवं सम्मान के लिए पहल करना सराहनीय कदम है। उन्होंने चिकित्सकों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भागलपुर के मेडिफॉर्म हॉस्पिटल की टीम ने उपस्थित ग्रामीण चिकित्सकों को ECG (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में ECG की मूलभूत जानकारी, इसकी उपयोगिता और हृदय संबंधी जांच में इसकी भूमिका के बारे में बताया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण चिकित्सकों के तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देना था।
जिला इकाई के गठन में जगत नारायण कुमार को अध्यक्ष, मनोज कुमार को सचिव, शंकर दयाल गुंजन को कार्यकारी अध्यक्ष, विकास कुमार यादव को संगठन मंत्री और विकास कुमार को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया। वहीं, पंकज कुमार को कार्यकारिणी समिति का सदस्य चुना गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए देवेंद्र कुमार मंडल ने उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को प्रखंड और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने ग्रामीण चिकित्सकों की एकजुटता, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर डॉ. साकेत बिहारी, जगत नारायण कुमार, मनोज कुमार, शंकर दयाल गुंजन, विकास कुमार, विकास कुमार यादव, पंकज कुमार, बिहारी लाल यादव, अरशद रजा, रामराज कुमार, विष्णु कुमार, अजीत कुमार, मो. जीशान, मो. वाशिद अंसारी, सूरज लाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सक उपस्थित रहे।






