आंगनबाड़ी केंद्र में दो साल से रखा है रासायनिक खाद का भंडार, दुर्गंध के बीच पढ़ाई और भोजन करने को मजबूर 40 बच्चे

मधुबनी: जयनगर क्षेत्र के लदनियां प्रखंड अंतर्गत कुमरखत पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित जानकी नगर के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-58 में बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है। यहां पिछले दो वर्षों से रासायनिक खाद की बोरियां रखी हुई हैं। खाद से निकलने वाली दुर्गंध के बीच करीब 40 बच्चे पढ़ाई करने और भोजन करने को मजबूर हैं। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र में दो साल पहले पूर्व पैक्स अध्यक्ष द्वारा खाद की बोरियां रखवाई गई थीं। धीरे-धीरे केंद्र खाद के भंडारण स्थल में तब्दील हो गया। जिस जगह पर छोटे बच्चों को शिक्षा, पोषण और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, वहां रासायनिक खाद का भंडार बना हुआ है। बताया जा रहा है कि खाद सरकारी होने की भी आशंका है।

 

केंद्र की सेविका शोभा कुमारी के अनुसार, खाद हटाने को लेकर लगातार सूचना दी जाती रही है, लेकिन अब तक पूरी तरह से बोरियां नहीं हटाई गई हैं। ग्रामीण कारक नाथ और संजीव कुमार राम ने भी इस संबंध में सेविका से शिकायत की थी। हालांकि, दो वर्षों के दौरान कुछ बोरियां हटाई गईं, लेकिन अधिकांश खाद अब भी केंद्र में मौजूद है।

 

सबसे गंभीर बात यह है कि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और महिला पर्यवेक्षिका (एलएस) की नियमित निगरानी के बावजूद यह मामला लंबे समय तक सामने नहीं आ सका। आंगनबाड़ी केंद्र में खाद का भंडारण और उसी वातावरण में बच्चों को भोजन कराना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

 

मामले को लेकर सीडीपीओ प्रीति कुमारी ने बताया कि इसकी जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूर्व पैक्स अध्यक्ष के पुत्र पप्पू कामत ने खाद को हटाने की बात कही है।

 

अब देखना यह है कि विभाग कब तक खाद की बोरियों को केंद्र से हटवाता है और बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराता है।

Related Posts

गृह प्रवेश भोज बना आफत, 400 से अधिक ग्रामीण बीमार; गांव में स्वास्थ्य विभाग का कैंप

पलामू। झारखंड के पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत सरईडीह पंचायत के खरडीहा-जमुआ गांव में गृह प्रवेश का भोज ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया। सहायक शिक्षक विमलेश यादव…

रंगों, सुरों और नाट्य प्रस्तुतियों से सजेगी सिल्क सिटी, 24 दिसंबर से रंग महोत्सव का आगाज

सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *