मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। आए दिन हत्या और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने एक दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात में संजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के वाजितपुर अशोक गांव निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय कुमार पास के एक गांव में शादी का भोज खाने गए थे। देर रात जब वह भोज खाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे ने बताई वारदात की जानकारी
मृतक के बेटे नीतीश ने बताया कि उनके पिता संजय कुमार शादी का भोज खाने के लिए पास के गांव गए थे। देर रात उन्होंने अपने पिता को फोन कर घर लौटने के बारे में जानकारी लेनी चाही। इसी दौरान उन्हें पिता की हत्या की खबर मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और एफएसएल टीम कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या के कारणों और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। मृतक के परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।






