बेतिया: बिहार के बेतिया में चर्चित सेनको गोल्ड शोरूम लूटकांड में अब सोशल मीडिया पर बनाई गई रील्स भी जांच के दायरे में आ गई हैं। शोरूम के अंदर कर्मचारियों द्वारा शूट किए गए वीडियो में बड़े-बड़े हार और महंगे आभूषणों का प्रदर्शन किया जा रहा था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो से अपराधियों को शोरूम में रखे करोड़ों के गहनों की जानकारी मिली थी?
दरअसल, शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा दुकान के अंदर रील बनाई जाती थी। सोशल मीडिया पर दर्शकों की मांग पर भी अलग-अलग कीमती आभूषण दिखाए जाते थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इन वीडियो के जरिए अपराधियों को शोरूम की अंदरूनी गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी तो नहीं मिली थी।
लूटकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि शोरूम में करीब 37 कर्मचारी काम करते हैं और दो शिफ्ट में ड्यूटी लगती है। प्रत्येक शिफ्ट में 16 से 17 कर्मचारी रहते हैं, लेकिन वारदात वाले दिन दुकान में लगभग 10 कर्मचारी ही मौजूद थे।
इसके अलावा मुख्य हथियारबंद सुरक्षा गार्ड का छुट्टी पर होना भी सवालों के घेरे में है। वहीं, रील बनाने वाली महिला कर्मचारी मधु भी घटना के दिन छुट्टी पर थी। हालांकि, इन बातों के पीछे कोई साजिश थी या यह महज संयोग था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वारदात के दौरान अपराधियों के बाहर निकलने के बाद कर्मचारियों की प्रतिक्रिया, सायरन बजने में देरी और करीब 15 मिनट बाद शोरूम मालिक को सूचना दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि दिवाली और धनतेरस से पहले एसएसपी कुमार गौतम ने आभूषण कारोबारियों को सोशल मीडिया पर कीमती गहनों का अनावश्यक प्रदर्शन नहीं करने की सलाह दी थी।
एसएसपी ने कहा है कि सेनको शोरूम की वायरल रील्स समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने पहले रेकी की थी या सोशल मीडिया वीडियो से उन्हें कोई जानकारी मिली थी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।






