जामताड़ा में अपराधियों पर नकेल कसने की तैयारी, एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

जामताड़ा में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान जिले में अपराध की स्थिति, विधि-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

Sponsored Advertisement

बैठक में एसपी ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। चोरी और गृहभेदन की घटनाओं का जल्द उद्भेदन करने, स्थायी वारंट समेत सभी लंबित वारंटों का निष्पादन करने और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नए दर्ज मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

 

**साइबर अपराधियों पर रहेगी विशेष नजर**

 

जामताड़ा में साइबर ठगी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी करने और उनके नेटवर्क से जुड़ी सूचनाएं जुटाने का निर्देश दिया। गंभीर अपराधों में शामिल रहे और हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखने को कहा गया।

 

**महिला और बच्चों से जुड़े मामलों में तेजी जरूरी**

 

एसपी ने महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। इसके अलावा साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ थाना और अनुमंडल स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।

 

**गश्ती और वाहन जांच बढ़ाने का निर्देश**

 

सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सघन वाहन जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ अलग-अलग समय और स्थान पर एंटी क्राइम चेकिंग चलाने को कहा गया।

 

बैठक में एसपी ने दुर्गापूजा, दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई भी दी।

Related Posts

8 माह से वृद्धा-विधवा पेंशन का इंतजार, वरिष्ठ नागरिकों की बैठक में उठा भुगतान का मुद्दा

जामताड़ा में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरिलाल साहब ने की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों की…

जामताड़ा में साइबर ठगों के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार; 8 मोबाइल और 13 सिम बरामद

झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से आठ मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *