
जामताड़ा में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरिलाल साहब ने की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं, पेंशन भुगतान में हो रही देरी और संगठन की सदस्यता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा पिछले आठ महीनों से वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन का भुगतान नहीं होना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष हरिलाल साहब ने कहा कि पूरे देश में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या लगभग 15 से 16 करोड़ है। वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं और उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समाज एवं देश के विकास में लगाया है। इसके बावजूद आज उन्हें अपनी बुनियादी जरूरतों और सरकारी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने झारखंड में सरकारी पेंशन की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले आठ माह से वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन की राशि लाभुकों के खाते में नहीं पहुंची है। पेंशन पर निर्भर बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित पेंशन राशि का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
बैठक में संगठन की मजबूती पर भी विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष ने कहा कि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को संगठन से जोड़ना जरूरी है, ताकि उनकी समस्याओं और अधिकारों की आवाज एकजुट होकर सरकार तक पहुंचाई जा सके।
बैठक में महिलाओं की अच्छी भागीदारी रही। पुरुष सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इस अवसर पर संघ के मंत्री विश्वनाथ दास और जामताड़ा जिला संयोजक तपन कुमार दास सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।





