लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को रामगढ़ जिले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। संध्या अर्घ्य के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ महापर्व की धूम रही। बिजुलिया तालाब, दामोदर नदी सहित जिले के विभिन्न नदी घाटों, तालाबों और कृत्रिम जलाशयों पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शाम होते ही पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। छठव्रतियों ने जल में खड़े होकर विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान व्रतियों ने भगवान भास्कर और छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरोगी जीवन की कामना की।
इससे पहले श्रद्धालु बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां सजाकर परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचे। घाटों तक पहुंचने के दौरान छठ के पारंपरिक गीतों और गाजे-बाजे ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नदी और तालाबों में व्रतियों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बांस की मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए नाव, गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
इसके अलावा विभिन्न पूजा समितियों की ओर से घाटों पर आकर्षक विद्युत सजावट, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
संध्या अर्घ्य के साथ ही पूरा रामगढ़ जिला छठी मैया की भक्ति में सराबोर नजर आया। अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ का विधिवत समापन होगा।
**संवाददाता : राजीव सिंह, रामगढ़**






