जामताड़ा नाला-दुमका मुख्य मार्ग पर मधुबन गांव के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन कुलडंगाल की ओर से नगरी गांव जा रहा था। इसी दौरान मधुबन गांव के पास सड़क पर बने जोड़िया के कलवर्ट के समीप पहुंचते ही चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर खतरनाक मोड़ और चढ़ाई होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा पलटा।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पिकअप में केवल चालक ही सवार था, जो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। चालक को सुरक्षित देखकर लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही नाला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस अवर निरीक्षक निताई दास पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए खाई में पलटी पिकअप को बाहर निकलवाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की।
इस दुर्घटना ने मधुबन के पास सड़क के खतरनाक मोड़ और कलवर्ट वाले हिस्से पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सड़क के इस हिस्से में चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
**रिपोर्ट : संतोष कुमार, जामताड़ा**






