**मेदिनीनगर (पलामू)।** लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रतियों की सुविधा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए मेदिनीनगर के रेडमा स्थित जायसवाल टिंबर परिसर में आम की सूखी लकड़ियों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों सहित शहर के छठ व्रतियों को पूजा के लिए आम की लकड़ियां उपलब्ध कराई गईं।
वितरण अभियान का शुभारंभ पर्यावरणविद् डॉ. कौशल किशोर जायसवाल, डाली बाजार पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल, जायसवाल टिंबर के प्रोपराइटर अरुण कुमार जायसवाल और छतरपुर पूर्वी के जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर पर्यावरणविद् डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि आम के हरे पेड़ पर्यावरण को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जबकि सूखी लकड़ियों का धार्मिक अनुष्ठानों और हवन में उपयोग हमारी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि बड़े पैमाने पर आम के पौधे नहीं लगाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को छठ पूजा के लिए आम की सूखी लकड़ी घी से भी महंगी कीमत पर खरीदनी पड़ सकती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जायसवाल टिंबर परिवार पिछले 30 वर्षों से दीपावली की सुबह से लेकर छठ पूजा के खीर भोजन तक प्रतिवर्ष दो से तीन ट्रक आम की सूखी लकड़ियों का वितरण करता आ रहा है। यह परंपरा सामाजिक सेवा और धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुकी है। इसके अलावा परिवार की ओर से अपनी जन्मभूमि छतरपुर के डाली बाजार गांव में छठ व्रतियों को पूजा सामग्री के साथ साड़ी और धोती भी दी जाती है।
प्रोपराइटर अरुण कुमार जायसवाल, जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल और मुखिया पूनम जायसवाल ने कहा कि किसी भी गरीब परिवार को छठ पूजा के लिए लकड़ी की व्यवस्था करने में परेशानी नहीं हो, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जाता है। इसके लिए ओडिशा और छत्तीसगढ़ से पहले ही आम की सूखी लकड़ियां मंगवाकर संग्रहित की गई थीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बसंत सिंह, अनुज कुमार, गोपाल राम, शमीम अंसारी, गोरख चौरसिया, संतोष मेहता, आराध्या जायसवाल, आश्विका जायसवाल, अरविंद जायसवाल, रामू कुमार और संतोष प्रजापति सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। मौके पर बड़ी संख्या में छठ व्रती और गणमान्य लोग मौजूद थे।
**संवाददाता : सत्यम शुक्ला, पलामू (झारखंड)**






