मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया रेलवे स्टेशन पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। युवक सीधे सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़ गया और नंगे पांव उसके ऊपर बैठ गया। इस घटना के कारण मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही ट्रेन करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
दरअसल, सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस जब चकिया स्टेशन पहुंची, तो ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ थी। डिब्बों में इतनी भीड़ थी कि यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी। बताया जा रहा है कि युवक भी इसी ट्रेन से सफर करना चाहता था, लेकिन उसे बैठने के लिए सीट नहीं मिली। इसके बाद उसने नाराजगी में ट्रेन के इंजन पर चढ़ने का फैसला कर लिया।
इंजन पर युवक को देखकर मची अफरातफरी
इंजन के ऊपर युवक को बैठा देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई यात्री अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो बनाने लगे। समपार संख्या 136 पर तैनात आरपीएफ कर्मी अनुरोध कुमार यादव ने युवक को इंजन पर चढ़ा देखा और तत्काल स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी।
RPF ने सुरक्षित नीचे उतारा
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद जवानों ने युवक को सुरक्षित इंजन से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
मुंगेर का रहने वाला है युवक
चकिया स्टेशन मास्टर श्याम कुमार गुप्ता के मुताबिक, पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान मुंगेर जिले के असरगंज निवासी गुलशन कुमार के रूप में बताई है। इस घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
फिलहाल आरपीएफ युवक से पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने इंजन पर चढ़ने जैसा कदम क्यों उठाया। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





