भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भागलपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ-साथ रेलवे भी श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। दूसरे राज्यों से छठ पूजा में शामिल होने के लिए भागलपुर आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष गुप्ता ने अधिकारियों की टीम के साथ भागलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
निरीक्षण के बाद डीआरएम मनीष गुप्ता ने बताया कि छठ पूजा के दौरान दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों के भागलपुर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन पहले से ही विशेष सतर्कता बरत रहा है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों से लेकर रेलवे कर्मचारियों तक को 24 घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि रेलवे का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान भागलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
रेलवे प्रशासन की इस सक्रियता से छठ के दौरान स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।






