
सहरसा। कोसी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘नशा मुक्त कोसी अभियान’ लगातार जनजागरूकता का रूप ले रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को सहरसा बस्ती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं, छात्रों और स्थानीय लोगों को सूखे नशे (ड्रग्स) सहित विभिन्न मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना, समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर नकेल कसना है। इस अभियान के माध्यम से सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में लोगों को नशामुक्त समाज बनाने के लिए एकजुट किया जा रहा है।
इस दौरान डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नशा मुक्त कोसी अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। समाज के लोग खुद आगे आकर इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। यह बदलाव की दिशा में सकारात्मक पहल है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से हमेशा दूर रहें और एक अच्छे नागरिक बनकर समाज एवं देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह कई समस्याओं की शुरुआत है। नशे की लत व्यक्ति के भविष्य, परिवार और सामाजिक जीवन को बर्बाद कर सकती है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। साथ ही बिहार सरकार और केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहिए।
डीआईजी ने लोगों से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ सभी एकजुट होकर आगे आएं और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आइए, मिलकर नशामुक्त कोसी बनाने का संकल्प लें और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।
कोसी पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल नशे के कारोबार पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता पैदा कर युवाओं को नशे से दूर रखना भी है।





