
लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व के पहले दिन कद्दू-भात खाने की पारंपरिक परंपरा को लेकर बाजारों में कद्दू की मांग बढ़ गई है। लेकिन इस बार कद्दू की कीमतों ने लोगों को हैरान कर दिया है। मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने के कारण सहरसा की सब्जी मंडियों में कद्दू 80 से 100 रुपये तक बिक रहा है। पिछले साल की तुलना में इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो गई है।
छठ पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। लोग नहाय-खाय के प्रसाद के लिए कद्दू खरीदने पहुंच रहे हैं। हालांकि, महंगे दाम के कारण आम लोगों को अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है।
सब्जी विक्रेता मोहम्मद जुबेर ने बताया कि वे फिलहाल कद्दू 100 रुपये में बेच रहे हैं। इस बार सहरसा और आसपास के इलाकों में कद्दू की पैदावार कम हुई है। स्थानीय स्तर पर उत्पादन कम होने के कारण समस्तीपुर और दलसिंहसराय से कद्दू मंगाना पड़ रहा है। बाहर से आपूर्ति होने और छठ के कारण मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी आई है।
वहीं, नया बाजार निवासी लक्ष्मीकांत ने बताया कि छठ के पहले दिन कद्दू-भात खाने की पौराणिक परंपरा है। इसी परंपरा को निभाने के लिए वे बाजार में कद्दू खरीदने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल जहां कद्दू 40 से 50 रुपये में मिल रहा था, वहीं इस बार इसकी कीमत 80 से 100 रुपये तक पहुंच गई है। यानी कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। बावजूद इसके पर्व की परंपरा निभाने के लिए महंगे दाम पर भी कद्दू खरीदना पड़ रहा है।
सब्जी के थोक विक्रेता राजू चौधरी ने भी बताया कि स्थानीय स्तर पर कद्दू की पैदावार कम होने के कारण समस्तीपुर से इसकी आपूर्ति की जा रही है। मांग अधिक और आवक कम होने से बाजार में कीमतें बढ़ी हैं।
कुल मिलाकर, छठ के नहाय-खाय पर जहां घरों में कद्दू-भात बनाने की तैयारी है, वहीं महंगाई ने पर्व के पहले ही आम लोगों के रसोई बजट पर असर डालना शुरू कर दिया है।





