छठी मैया के स्वागत में सज रहे सहरसा के घाट, डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

सहरसा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सहरसा में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठी मैया के स्वागत में शहर के विभिन्न घाटों को सजाया जा रहा है। कहीं साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम चल रहा है, तो कहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक सहित कई वरीय पदाधिकारियों ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत प्रसिद्ध मत्स्यगंधा घाट से की गई। यहां अधिकारियों ने साफ-सफाई, रंग-रोगन, पानी की गहराई, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Sponsored Advertisement

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। मत्स्यगंधा में नवनिर्मित घाट पर भी विशेष व्यवस्था की गई है। यहां पानी की गहराई करीब ढाई से तीन फीट है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सीमा के अंदर ही रहकर पूजा कर सकें।

वहीं, छठ महापर्व के अवसर पर कलेक्ट्रेट के सामने स्थित सात पोखरिया में भास्कर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 15 और 16 नवंबर को सुबह चार से छह बजे और शाम तीन से छह बजे तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसके अलावा बस्ती पोखर, मोसोमात पोखर और शंकर चौक पोखर सहित अन्य घाटों का भी निरीक्षण किया जाएगा। प्रशासन ने शेष तैयारियों को शनिवार तक पूरा करने का निर्देश दिया है।

इधर, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छठ पूजा के दौरान सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। भीड़भाड़ वाले घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। साथ ही पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।

कुल मिलाकर, छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

Related Posts

सीवान में कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ की रंगदारी, डाक से भेजा धमकी भरा पत्र, नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी

सीवान में कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ की रंगदारी, डाक से भेजा धमकी भरा पत्र, नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी

मुंगेर में पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर; दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ

मुंगेर में पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर; दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *