बिहार के मुंगेर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति और उसके परिजनों पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस घटना ने दो मासूम बच्चियों की जिंदगी भी बदलकर रख दी है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।
दरअसल, पूरा मामला मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के सदर बाजार फाड़ी के पास का है। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति दशरथ मंडल धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर का रहने वाला है। बताया जाता है कि दशरथ मंडल पहले रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत था और बाद में वीआरएस ले लिया था।
जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। धीरे-धीरे घरेलू कलह बढ़ती चली गई। परिजनों और रिश्तेदारों ने कई बार दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। करीब एक साल पहले भी मारपीट की शिकायत थाने तक पहुंची थी।
मृतका के भाई शुभम कुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि समझौते के बाद सबकुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
बुधवार की देर रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस ने पूजा के भाई को फोन कर हत्या की सूचना दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो पूजा मृत अवस्था में मिली। उधर, हत्या के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, इस घटना के बाद दो मासूम बेटियों के भविष्य और उनकी देखभाल को लेकर परिवार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।





