छठ के रंग में रंगा बिहार, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पाटलिपुत्र घाट पर किया गंगा स्नान, भगवान भास्कर को अर्पित किया जल

लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे बिहार में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। इस खास मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना के पाटलिपुत्र घाट पर गंगा स्नान किया और भगवान भास्कर को जल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छठ पर्व के धार्मिक, सामाजिक और प्राकृतिक महत्व को भी बताया।

छठ महापर्व को लेकर पूरा बिहार भक्तिमय नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी नहाय-खाय के अवसर पर पाटलिपुत्र घाट पहुंचे। यहां उन्होंने गंगा में स्नान कर भगवान भास्कर की आराधना की।

Sponsored Advertisement

नितिन नवीन ने कहा कि छठ जन-आस्था का महापर्व है। इस पर्व की शुरुआत का भी विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि पाटलिपुत्र घाट से उनका पारिवारिक जुड़ाव बचपन से रहा है। उनके पिता के समय से ही परिवार के लोग इन घाटों पर अर्घ्य देने आते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छठ केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज और सामूहिकता की भावना को मजबूत करता है। इस महापर्व में प्रकृति, भगवान भास्कर और गंगा मैया की आराधना की जाती है। साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, अनाज और कृषि उत्पादों के जरिए किसानों और अन्नदाताओं के योगदान को भी सम्मान मिलता है।

नितिन नवीन ने छठ को शुद्धता, पवित्रता और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि छठ के गीत हमारी कई पीढ़ियों की परंपराओं और यादों को जीवंत रखते हैं।

वहीं, नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने स्नान के बाद चावल, दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार कर भगवान को अर्पित किया और फिर स्वयं ग्रहण किया।

शनिवार यानी 14 नवंबर को खरना होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगी। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

इधर, मसौढ़ी में भी छठ गीतों से माहौल भक्तिमय है। अनुमंडल में 79 घाट चिन्हित किए गए हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात हैं, जबकि नियंत्रण कक्ष से सभी घाटों की निगरानी की जा रही है।

Related Posts

सीवान में कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ की रंगदारी, डाक से भेजा धमकी भरा पत्र, नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी

सीवान में कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ की रंगदारी, डाक से भेजा धमकी भरा पत्र, नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी

मुंगेर में पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर; दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ

मुंगेर में पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, वारदात के बाद थाने पहुंचकर किया सरेंडर; दो मासूम बेटियां हुईं अनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *