बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर आग का भीषण तांडव देखने को मिला है। यहां पटाखों से निकली चिंगारी ने एक घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक ब्लास्ट होने लगे। सिलेंडरों में हुए जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
दरअसल, आग लगने की यह घटना बेगूसराय के लोहियानगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 28 की है। बताया जा रहा है कि पटाखों से निकली चिंगारी घर में जा गिरी, जिसके बाद अचानक आग लग गई। शुरुआत में लोगों को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया।
इसी दौरान घर में रखे गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने लगे। सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों के बाद स्थानीय लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, इस अगलगी की घटना में किसी तरह की जानमाल की क्षति सामने नहीं आई है। लेकिन घर में रखे सामान के जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका स्थानीय लोगों ने जताई है।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी के कारण हुई इस घटना ने एक बार फिर आग से बचाव और सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।





