पटना के फुलवारीशरीफ और बेऊर इलाके में फर्जी जमीन और जाली दस्तावेज दिखाकर लोगों से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोपी रवि रंजन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छठ पूजा के दौरान पटना पहुंचा था, तभी बेऊर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कई थानों में ठगी के मामले दर्ज हैं। इस ठगी का शिकार आम लोगों के साथ पुलिस विभाग से जुड़े लोग भी हुए हैं।
इस मामले में एएसपी नारायण उपाध्याय और बेऊर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार रवि रंजन कुमार बेऊर थाना क्षेत्र के बेतौड़ा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ बेऊर थाना कांड संख्या 57/24 में फर्जी दस्तावेज के आधार पर करीब एक करोड़ दस लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। इस मामले में न्यायालय से उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट भी जारी था।
वहीं, जक्कनपुर थाना में रवि रंजन और उसकी पत्नी के खिलाफ 80 लाख 18 हजार 500 रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। दोनों पर जमीन दिलाने के नाम पर फर्जी कागजात दिखाकर रकम लेने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, रवि रंजन ने बेऊर की पूर्व थानाध्यक्ष कुमारी उषा सिंहा से 28 लाख रुपये और उनके भांजे से 23 लाख रुपये की ठगी की थी। इसके अलावा संजीव प्रकाश समेत कई अन्य लोगों ने भी जमीन के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। मसौढ़ी में जमीन दिलाने के नाम पर रकम लेने और जमीन या पैसे वापस नहीं करने का भी आरोप है।
पीड़ितों का दावा है कि एक दर्जन से अधिक लोग इस ठगी के शिकार हुए हैं। सहरसा के एक व्यक्ति ने भी 35 लाख रुपये की ठगी की जानकारी दी है। हालांकि, उसका लिखित आवेदन अभी पुलिस को नहीं मिला है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और ठगी के इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है। पुलिस ने पीड़ितों से लिखित शिकायत देने की अपील की है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।





