लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। छठ घाटों पर किसी भी तरह की विद्युत दुर्घटना को रोकने और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के उद्देश्य से विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. अमित कुमार ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ई. अमित कुमार ने छठ घाटों के आसपास लगे बिजली के खंभों, तारों, ट्रांसफॉर्मरों एवं अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने विशेष रूप से लटकते बिजली तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों को चिह्नित कर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों के आसपास विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों के आसपास विद्युत सुरक्षा से जुड़े कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। किसी भी स्थान पर खुले या लटकते तार नहीं रहने चाहिए, ताकि घाटों पर पहुंचने वाले छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का खतरा न हो।
ई. अमित कुमार ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में विद्युत सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करें।
उन्होंने पर्व के दौरान विद्युत कर्मियों को मुस्तैद रहने तथा बिजली से संबंधित किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विभाग का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित विद्युत व्यवस्था मिले और पूजा के आयोजन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।





