लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सहरसा में घाटों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व मंत्री बिहार सरकार सह निवर्तमान विधायक डॉ. आलोक रंजन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने अनुमंडल पदाधिकारी, नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने छठ घाटों की साफ-सफाई, जल की स्थिति, घाटों तक पहुंचने वाले रास्ते, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाटों तक जाने वाले रास्तों को दुरुस्त करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
इस अवसर पर डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, श्रद्धा और समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना प्रशासन एवं नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों से घाटों पर नियमित साफ-सफाई, कचरे का उठाव, जल एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में छठ पूजा संपन्न कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला महामंत्री भैरवानंद झा, अखिलेश सिंह, संजय कुमार, ससी सोनी, नरेश पासवान, सुमन सांडिल्य सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।





