
बिहार के औरंगाबाद जिले में अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, इस हादसे में भगवान दास के पुत्र नीतीश चौहान और राजकुमार चौहान की पत्नी किरण कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गयाजी रेफर कर दिया गया।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। जिस परिवार में खुशियां थीं, वहां एक ही झटके में तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।





