
सहरसा के नया बाजार स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में बुधवार को श्री चित्रगुप्त कल्याण समिति के तत्वावधान में भगवान श्री चित्रगुप्त का वार्षिक पूजनोत्सव पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर चित्रांश परिवार के सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चों ने भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रमण कुमार ने की, जबकि सचिव डॉ. अखिलेश कुमार गुड्डू ने मंच संचालन किया। पूजनोत्सव की संपूर्ण तैयारी समिति के समन्वयक परिमल किशोर के नेतृत्व में की गई थी।
धार्मिक परंपरा के अनुसार कायस्थ समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा के साथ कलम और दवात की भी पूजा की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने पूरे वर्ष के आय-व्यय का लेखा-जोखा भगवान के समक्ष प्रस्तुत कर आने वाले वर्ष में सुख, शांति, समृद्धि और सद्बुद्धि की प्रार्थना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पूजनोत्सव का शुभारंभ समिति के संरक्षक मंडल के सदस्य अर्जुन प्रसाद वर्मा, देवेंद्र कुमार मल्लिक, घनश्याम मल्लिक, गोपाल चंद्र लाल दास एवं अनिल कुमार दास के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समिति की महत्वाकांक्षी ‘जगत नारायण लाल स्मृति प्रोत्साहन योजना-2025’ के तहत मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह रहा। वर्ष 2026 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले चित्रांश परिवार के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि सहरसा के डिप्टी एसपी कल्याण आनंद ने पुरस्कार राशि, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डिप्टी एसपी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने और अपने परिवार एवं समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और चित्रांश परिवार के लोगों का सराहनीय योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव और उत्साह का माहौल बना रहा।





