सहरसा। बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 पेंशनधारियों के बैंक खातों में अक्टूबर माह की पेंशन राशि भेज दी गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए प्रत्येक लाभुक के खाते में 1,100 रुपये की दर से पेंशन राशि का हस्तांतरण किया। इस कार्यक्रम से सहरसा जिला भी ऑनलाइन जुड़ा रहा।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित 100 से अधिक स्थानीय पेंशनधारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पिछले महीने की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में अनिवार्य रूप से डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि सहरसा जिले में कुल 2,25,184 पेंशनधारियों को अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि जारी कर दी गई है। इन सभी लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण 30 अक्टूबर 2026 तक पूरा हो चुका था।
जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,22,648, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 59,449, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 16,019, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 15,240, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 10,279 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,549 लाभुकों को पेंशन का लाभ मिला है।
वहीं, जिलाधिकारी ने बताया कि 10 नवंबर 2026 तक जिले के 19,521 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। उन्होंने ऐसे सभी लाभुकों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी सीएससी सेंटर (वसुधा केंद्र) पर जाकर जीवन प्रमाणीकरण कराएं, ताकि उनकी पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से जारी रह सके।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों को पेंशन राशि प्राप्त होने पर शुभकामनाएं दीं।





