सहरसा नगर निगम की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी राशि के इस्तेमाल को लेकर भाजपा ने जांच की मांग तेज कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी के एक शिष्टमंडल ने जिला पदाधिकारी, सहरसा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें नगर निगम की 421 पूर्ण योजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने नगर निगम के सभी वार्डों में कराए गए सड़क, गली और नाला निर्माण कार्यों के प्राक्कलन, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, खरीदारी, आपूर्ति और भुगतान प्रक्रिया की जांच कराने पर जोर दिया। साथ ही पिछले एक वर्ष में हुए निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने और बाजार मूल्य के अनुसार भुगतान की जांच करने की मांग की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा कि नगर निगम की योजनाओं में अनियमितता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन के पत्र के बाद गठित पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट और विभागीय जांच के उपरांत नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा का निलंबन गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि केवल एक अधिकारी के निलंबन से पूरे मामले की जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती। सभी योजनाओं और वित्तीय लेन-देन की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने नगर आयुक्त के निलंबन के बाद नगर निगम कार्यालय में कुछ पार्षदों द्वारा हंगामा करने और सरकारी कार्यों में बाधा पहुंचाने की घटना की भी निंदा की। साथ ही संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।
भाजपा ने जीएसटी बिल, निर्माण सामग्री की वास्तविक खरीद दर, आपूर्ति दस्तावेज और भुगतान प्रक्रिया की भी जांच कराने की मांग की है। साजन शर्मा ने कहा कि जांच में वित्तीय अनियमितता, जीएसटी चोरी या सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शशि सोनी और अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अबु बकर मौजूद रहे।






