सहरसा शहर के बनगांव रोड स्थित नेताजी सुभाष चौक, रिफ्यूजी कॉलोनी में नवनिर्मित मां काली मंदिर में आयोजित चार दिवसीय स्थापना यज्ञ महोत्सव धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तीसरे दिन कलश शोभायात्रा एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां काली, सिद्धिविनायक गणेश और भैरव बाबा का विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश कराया गया। आचार्य बमबम झा, पंडित नीलांबर झा, पंडित गोविंद झा सहित पांच विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
दीपावली की मध्य रात्रि में मां काली सहित तीनों देवी-देवताओं की मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा, निशा पूजा एवं बलि प्रदान का अनुष्ठान किया गया। इसके बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए खोल दिया गया। सोमवार की सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मां काली पूजा समिति के संयोजक मनीष कुमार ने बताया कि निशा पूजा के बाद सोमवार की सुबह विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। संध्या में भजन-कीर्तन और भव्य आरती का आयोजन हुआ।
उन्होंने बताया कि पिछले 15 वर्षों से निर्माणाधीन मां काली मंदिर का निर्माण अब पूरा हो गया है। मंदिर का स्थायी रूप से श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए तैयार होना पूरे क्षेत्र के लिए हर्ष और गौरव का विषय है।
महोत्सव के तहत मंगलवार को मां काली को प्रसिद्ध खिचड़ी एवं सब्जी का छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। वहीं, बुधवार को कलश विसर्जन के साथ चार दिवसीय स्थापना यज्ञ महोत्सव का समापन होगा।
पूजा के दौरान जिला पुलिस प्रशासन और समिति के सदस्य विधि-व्यवस्था बनाए रखने में मुस्तैद रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष राजू सिंह, सचिव मनोज यादव, संयोजक मनीष कुमार, यजमान संजय सिंह माया एवं टुनटुन यादव सहित श्यामसुंदर सिंह, साधु यादव, मुकेश यदुवंशी, रवि कुमार, रंजय कुमार, रोशन कुमार समेत अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।






