सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत उटेसरा पंचायत में कोसी नदी में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मोनू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोनू तीन दिन पहले अपनी भैंस को धोने के लिए कोसी नदी में गया था। इसी दौरान नदी के गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया।
घटना के बाद से ही परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। युवक की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची थी और काफी प्रयास किया, लेकिन तीन दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका। आखिरकार आज मोनू नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
मृतक के चाचा संतोष कुमार ने बताया कि मोनू भैंस धोने के लिए नदी गया था, जहां गहरे पानी में जाने के कारण वह डूब गया। घटना के बाद परिवार के लोग लगातार उसकी सलामती की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन तीन दिनों के इंतजार के बाद उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया।
बताया जाता है कि मोनू पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर के सबसे छोटे सदस्य को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।






