भागलपुर जीरो माइल स्थित हाउसिंग बोर्ड के मुसहरी टोला में भीषण अगलगी की घटना से छह गरीब परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते छह घर इसकी चपेट में आ गए। घरों में रखे कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और रोजमर्रा की जरूरत की तमाम चीजें जलकर राख हो गईं। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
पीड़िता संगीता देवी, पति सकलदेव मांझी ने बताया कि वह घर के बाहर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी नजर घर में लगी आग पर पड़ी। उन्होंने आग बुझाने और सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। देखते ही देखते आसपास के दूसरे घर भी आग की चपेट में आने लगे। संगीता देवी ने किसी तरह अपने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
वहीं, ज्योति देवी ने बताया कि उन्होंने किस्तों पर एलईडी टीवी, फ्रिज और गोदरेज सहित कई घरेलू सामान खरीदे थे। अभी उन सामानों की किस्तें भी पूरी नहीं हुई थीं, लेकिन आग ने सबकुछ छीन लिया। अब उनके सामने घर चलाने के साथ-साथ किस्त चुकाने की भी चिंता खड़ी हो गई है।
स्थानीय निवासी आशीष मंडल ने बताया कि कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में आग लगने से काफी नुकसान हुआ था। एक बार फिर अगलगी की घटना ने गरीब परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनकी पूरी गृहस्थी उजड़ चुकी है। ऐसे में उन्हें जिला प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, भोजन, कपड़े और रहने की व्यवस्था के लिए राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कितनी जल्द पहल करता है।






