सासाराम: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में दीपावली की रात दोस्तों के बीच चाय पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद जानलेवा बन गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में करीब 20 वर्षीय युवक रोहित कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दीपावली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान सासाराम नगर निगम क्षेत्र के महद्दीगंज मोहल्ला निवासी राजू कुमार सिंह के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात रोहित अपने कुछ दोस्तों के साथ लालगंज नहर के समीप चाय पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि मारपीट के दौरान रोहित की मौत हो गई। घटना के बाद अन्य दोस्त मौके से फरार हो गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद सासाराम नगर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा। जहां बीती रात ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एक संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ जारी
इस मामले में सासाराम मुफस्सिल थाना अध्यक्ष राजीव रंजन राय ने बताया कि महद्दीगंज मोहल्ले के रहने वाले युवक की दोस्तों के बीच विवाद के दौरान मौत हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की असली वजह और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। दीपावली की रात हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।






