
भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित जीरो माइल एलआईसी हेड ऑफिस से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां ब्रांच टू के मैनेजर मुरेन्द्र झा की गाड़ी की कथित टक्कर से ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान डब्लू यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नन्हकार जयरामपुर, झंडापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, डब्लू यादव एलआईसी के हेड ऑफिस में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शाम के समय जब वह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, उसी दौरान ब्रांच टू के मैनेजर मुरेन्द्र झा की गाड़ी से उन्हें जोरदार टक्कर लग गई। हादसा इतना गंभीर था कि गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के जीजा दिलीप प्रसाद यादव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां बरारी थाना की पुलिस मौजूद थी। उनका आरोप है कि घटना को लेकर जब उन्होंने पुलिस से सवाल-जवाब करना शुरू किया तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की।
फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को घटनास्थल से उठाकर मायागंज अस्पताल पहुंचा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई और मामले में निर्णय लेने की बात कही जा रही है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।





