दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले प्रवासी मजदूरों एवं यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने सहरसा जंक्शन का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
स्टेशन प्रबंधन के अनुसार, जंक्शन पर प्रतिदिन करीब 50 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। त्योहारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए स्टेशन परिसर और आसपास की सड़कों पर एलईडी स्क्रीन लगाने का निर्देश दिया गया है, जिन पर छठ गीतों और जागरूकता संदेशों का प्रसारण होगा। बैनर और होर्डिंग के जरिए भी यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास गंदगी और टिकट काउंटर के सामने डस्टबिन की नियमित सफाई नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
वहीं, एसपी ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही। साथ ही विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।





