भागलपुर/सुल्तानगंज। दीपावली और धनतेरस के अवसर पर सुल्तानगंज बाजार में बढ़ती भीड़ और अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए शुक्रवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन के निर्देश पर पूरे बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और निर्धारित सीमा से बाहर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ बुलडोजर चलवाकर अतिक्रमण हटाया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व सीओ रमण कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी निशांत कुमार और थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने किया। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर परिषद की टीम और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सड़क किनारे तथा निर्धारित सीमा से बाहर लगाई गई दुकानों को हटाया गया। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे पीली पट्टी के अंदर ही अपनी दुकानें लगाएं, ताकि बाजार में आवागमन बाधित न हो। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया।
धनतेरस के दिन बाजार में पहले से ही काफी चहल-पहल थी। खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे थे। ऐसे में अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से कई दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिली। कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रशासन को धनतेरस से पहले ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए था। यदि पहले से कार्रवाई की गई होती तो दुकानदार निर्धारित सीमा के अंदर ही अपनी दुकानें लगाते और ग्राहकों को भी खरीदारी करने में परेशानी नहीं होती।
लोगों का मानना है कि बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने से त्योहार के दौरान जाम की समस्या कम होगी और दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी राहत मिलेगी।
इस अभियान में नगर परिषद सुल्तानगंज के सिटी मैनेजर रविश वर्मा, गोपाल झा, चंदन कुमार, आरओ शालिनी कुमारी सहित दर्जनों पुलिसकर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।






